Jaunpur news प्रेमिका की जिद पर झुके दोनों परिवार, शिव मंदिर में प्रेमी-प्रेमिका की शादी
प्रेमिका की जिद पर झुके दोनों परिवार, शिव मंदिर में प्रेमी-प्रेमिका की शादी
गौराबादशाहपुर (जौनपुर)।
प्रेमिका की जिद आखिरकार रंग लाई और दोनों परिवारों को झुकना पड़ा। गौराबादशाहपुर नगर पंचायत के बंजारेपुर शिव मंदिर में सोमवार को प्रेमी-प्रेमिका की शादी संपन्न हुई, जिसके बाद युवती खुशी-खुशी अपने पति के साथ ससुराल चली गई।
भदेवरा गांव निवासी खुशिहाल राजभर का प्रेम प्रसंग आरा गांव निवासी एक युवती से चल रहा था। शुक्रवार की रात खुशिहाल अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा, जहां पहले से सतर्क परिजनों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पाकर प्रेमी के परिजन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इस बीच समाजसेवी सत्यानंद चौबे और पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों को थाने लाया गया। यहां प्रेमिका ने प्रेमी के साथ शादी करने और साथ रहने की जिद जताई। चूंकि दोनों बालिग थे, पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर विवाह के लिए राजी किया और हलफनामा तैयार कर दोनों को घर भेज दिया।
समाजसेवी सत्यानंद चौबे के प्रयासों से सोमवार को शिव मंदिर में खुशिहाल और उसकी प्रेमिका का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। शादी के बाद खुशिहाल अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर घर लौट गया।
