Jaunpur news इकबाल अहमद बने असम कांग्रेस के सह-प्रभारी, खेतासराय में हुआ भव्य स्वागत

जौनपुर के इकबाल अहमद बने असम कांग्रेस के सह-प्रभारी, खेतासराय में हुआ भव्य स्वागत
जौनपुर | खेतासराय।
जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव निवासी इकबाल अहमद को कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने दी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शनिवार को खेतासराय रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
बिहार रैली में दिखाई जोशभरी मौजूदगी
हाल ही में बिहार में आयोजित रैली में इकबाल अहमद ने कांग्रेस और राजद नेताओं के साथ मंच साझा किया। उन्होंने कहा कि जनता में गुस्सा है और लोग खुलकर INDIA गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। भाजपा सरकार अपने वादों को निभाने में असफल रही है और अब जनता बदलाव चाहती है।
BJP पर सीधा हमला
असम में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस कार्रवाई को असंवैधानिक बताया है, फिर भी गरीबों के घर गिराए जा रहे हैं। “2022 में भाजपा ने पक्के घर देने का वादा किया था, लेकिन आज उन्हीं के आशियाने उजाड़ रही है। यह बेशर्मी की पराकाष्ठा है।”
छात्र राजनीति से कांग्रेस की मुख्यधारा तक
इकबाल अहमद का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। 1997 में वे लखनऊ के डिग्री कॉलेज छात्रसंघ के उपाध्यक्ष चुने गए। इसके बाद NSUI से जुड़कर यूपी NSUI महासचिव, महाराष्ट्र NSUI अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी में भी अहम पदों की जिम्मेदारी निभाई। लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद अब उन्हें असम कांग्रेस में सह-प्रभारी जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिला है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
उनकी नियुक्ति से जौनपुर व खेतासराय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि इकबाल अहमद की जमीनी पकड़ और साफ-सुथरी छवि से कांग्रेस को असम में मजबूती मिलेगी।