August 28, 2025

Jaunpur news ऐतिहासिक तिरंगा रैली ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिलाधिकारी को मिला सम्मान

Share


जौनपुर की ऐतिहासिक तिरंगा रैली ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिलाधिकारी को मिला सम्मान

जौनपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में 13 अगस्त 2025 को आयोजित विशाल तिरंगा रैली ने योगासन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड काउंसिल में अपना नाम दर्ज कराया। इस उपलब्धि पर काउंसिल की ओर से आज जिलाधिकारी को सम्मानित किया गया।

पुलिस लाइन से शाही किले तक निकाली गई 5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस अवसर पर काउंसिल के आचार्य डॉ. यश पराशर और डॉ. मालविका बाजपेयी ने जिलाधिकारी को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी ने जनपदवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि हर नागरिक के उत्साह और सहयोग से संभव हुई है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, पुलिस बल और आम नागरिकों ने पूरे जोश के साथ तिरंगे का मान बढ़ाया।

जिलाधिकारी ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तीनों चरणों में जौनपुर ने प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक रैलियां निकालीं। विशेष रूप से 13 अगस्त की भव्य तिरंगा यात्रा में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन किया गया, जिससे रैली ऐतिहासिक रूप से सफल रही।

उन्होंने यह भी बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक सेल्फी अपलोड कर जौनपुर ने सभी पैरामीटर पर अव्वल स्थान हासिल किया।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति प्रो. वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने जिलाधिकारी को शुभकामनाएं दीं और इस गौरवशाली उपलब्धि के लिए जनपद की सराहना की।


About Author