Jaunpur news स्मृतिशेष राजबली शुक्ल की पुण्यतिथि पर 21 महिला सफाईकर्मियों का सम्मान

IMG-20250620-WA0059
Share


स्मृतिशेष राजबली शुक्ल की पुण्यतिथि पर 21 महिला सफाईकर्मियों का सम्मान

जौनपुर।
Jaunpur news राजा श्रीकृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. (कैप्टन) अखिलेश्वर शुक्ल ने अपने पिताश्री स्मृतिशेष पं. राजबली शुक्ल की पुण्यतिथि को सामाजिक सेवा के रूप में मनाने की अनूठी परंपरा कायम की है।

इसी क्रम में 20 जून 2025 को आयोजित तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पालिका जौनपुर में कार्यरत 21 महिला सफाईकर्मियों को उनके समर्पित योगदान के लिए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम प्रो. शुक्ल के फैजबाग स्थित आवास पर आयोजित हुआ। इससे पूर्व 2023 में उन्होंने यातायात पुलिस के 21 जवानों को वर्दी के साथ सम्मानित किया था, जबकि 2024 में 21 समर्पित गौसेवकों को गौशाला परिसर में अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

इस अवसर पर सम्मानित होने वाली महिला सफाईकर्मियों में ममता, गुंजा, लैल्लू, निशा, आरती, अंशू, शैल कुमारी, नीलम, पार्वती, पुष्पा, रूखसाना, मीरा, लक्ष्मी, हसीना, अनीता, मीना सहित अन्य कर्मी शामिल रहीं।

कार्यक्रम में नगर पालिका कार्यालय अधीक्षक अनिल यादव, अरविंद कुमार, संजीव कुमार, राजेश कुमार, कर्मचारी संघ अध्यक्ष कमरुद्दीन, संरक्षक विनोद सिंह, ऋषिकुल एकेडमी के प्रबंधक ऋषिकेश द्विवेदी, सहायता ज्वेलर्स के मनीष गुप्ता तथा पत्रकार बंधु भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रो. अखिलेश्वर शुक्ल ने कहा कि उनके पूज्य पिताश्री सदैव श्रमजीवी वर्ग के उत्थान और सम्मान के पक्षधर रहे। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए उन्होंने पुण्यतिथि को समाज के उपेक्षित वर्गों के प्रोत्साहन हेतु समर्पित करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, “कोई भी कार्य छोटा नहीं होता। यदि यह सोच समाज में घर कर जाए, तो राष्ट्र की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। सफाईकर्मियों का योगदान न केवल व्यक्तिगत स्वच्छता बल्कि सामाजिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। हमें प्रत्येक वर्ग के योगदान को सम्मान देना चाहिए, यही सच्चा राष्ट्रधर्म है।”

अंत में उन्होंने सभी को राष्ट्रहित में अपने दायित्वों के प्रति ईमानदारी बरतने का संदेश देते हुए अपने पूर्वजों, ऋषियों और मुनियों को सादर नमन किया।