Jaunpur news पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह से पिस्टल की नोक पर लूट, चार लाख से अधिक के आभूषण ले उड़े बदमाश

पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह से पिस्टल की नोक पर लूट, चार लाख से अधिक के आभूषण ले उड़े बदमाश
Jaunpur news जौनपुर।लाइनबाजार थाना क्षेत्र के चांदमारी वार्ड में उस समय सनसनी फैल गई जब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह को सुबह की सैर से लौटते वक्त बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लूट लिया। बदमाश उनके गले से सोने की चेन और हाथों से चार अंगूठियां लूटकर फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना सुबह 5:03 बजे की है, जब नंदकिशोर सिंह, जो उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ में भी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी हैं, मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे। चांदमारी वार्ड स्थित पुलिया के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोका, पिस्टल तान दी और कीमती आभूषण छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने घटनास्थल के पास और सिटी स्टेशन काली मंदिर ओवरब्रिज के नीचे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस अन्य संभावित मार्गों की भी जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए फुटेज खंगालने के साथ-साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इसे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की विफलता बताया है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने चिंता जताई है कि अब सुबह टहलने निकलना भी असुरक्षित हो गया है। स्थानीय लोगों ने रात्रि एवं प्रातः गश्त बढ़ाने की मांग की है।
एक शिक्षण संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी को इस तरह खुलेआम निशाना बनाया जाना न केवल कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है, बल्कि आम जनमानस में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता को भी उजागर करता है।