Jaunpur news ओवरब्रिज निर्माण को लेकर अभी करना होगा इंतजार, रेलवे की मंजूरी के बाद शुरू होगा कार्य

IMG-20250607-WA0056
Share

ओवरब्रिज निर्माण को लेकर अभी करना होगा इंतजार, रेलवे की मंजूरी के बाद शुरू होगा कार्य

Jaunpur news जौनपुर। जफराबाद रेलवे फाटक की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए लगभग दो वर्ष पूर्व ओवरब्रिज का सर्वे कराया गया था। शासन की ओर से इस परियोजना के लिए 67 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। कारण है – रेलवे विभाग की अंतिम मंजूरी का इंतजार।

जानकारी के अनुसार, जफराबाद फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के लिए तीन माह पहले मिट्टी की जांच भी कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट लैब भेजी गई थी। साथ ही भूमि की नाप-जोख कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सेतु निगम ने रेलवे को भेजी है। अब रेलवे के तकनीकी अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

सेतु निगम के जेई जेपी गुप्ता ने बताया कि “ओवरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे को आवश्यक दस्तावेज भेज दिए गए हैं। जैसे ही रेलवे की मंजूरी मिलती है, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल साइट पर प्लांट स्थापित किया जा चुका है।”

बता दें कि जिला मुख्यालय से महज 5 किमी दूर स्थित जफराबाद रेलवे स्टेशन चारों ओर से रेल लाइनों से घिरा हुआ है, जहां रोज़ाना 150 से अधिक पैसेंजर व मालगाड़ियां गुजरती हैं। यहां ऑटो-लॉकिंग तकनीक से फाटक का संचालन होता है, जिससे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है। लोग कॉलेज, ऑफिस, कोर्ट और अन्य जरूरी कार्यों के लिए एक घंटा पहले निकलते हैं ताकि जाम से बचा जा सके।

जफराबाद फाटक पर ट्रैफिक जाम का एक अन्य कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी है। टोल प्लाजा से बचने के लिए ट्रक और छोटे वाहन इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। यह मार्ग न केवल जौनपुर शहर को बल्कि आजमगढ़ (सेवाईनाला), गाजीपुर (देवकली) और वाराणसी जैसे जिलों से भी जोड़ता है। इसके अतिरिक्त यह टाउन एरिया जफराबाद और आसपास के 300 से अधिक गांवों के लिए भी मुख्य संपर्क मार्ग है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि रेलवे विभाग शीघ्र मंजूरी प्रदान करे, जिससे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो और वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान हो सके।