Jaunpur news मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, जौनपुर का द्विवार्षिक चुनाव निर्विरोध सम्पन्न, शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, जौनपुर का द्विवार्षिक चुनाव निर्विरोध सम्पन्न, शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
Jaunpur news जौनपुर। उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, जौनपुर की नई कार्यकारिणी का द्विवार्षिक चुनाव निर्विरोध सम्पन्न होने के उपरांत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, महामंत्री राजीव श्रीवास्तव एवं संरक्षक शिवमोहन श्रीवास्तव द्वारा जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
शपथ दिलाने के उपरांत अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर के कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन अत्यंत निष्ठा और समर्पण से कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप जनपद शासन के विभिन्न मामलों में प्रदेश स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त कर रहा है। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी से अपेक्षा जताई कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और ईमानदारी से पहुंचाई जाएं।
उल्लेखनीय है कि यह निर्वाचन 9 अप्रैल 2025 को सम्पन्न हुआ था, जिसमें विजय प्रताप सिंह को जिलाध्यक्ष, राजीव श्रीवास्तव को महामंत्री, पवन कुमार मौर्य को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राकेश गौतम को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, तथा मेहंदी राजा को संयुक्त मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ था।
शपथ ग्रहण समारोह में अपर जिलाधिकारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह, अरविंद शुक्ला, पेंशनर्स एसोसिएशन के सीबी सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह, पीडब्ल्यूडी अध्यक्ष सतीश पाठक, जंग बहादुर सिंह, प्रिंसिपल सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, संतोष बघेल, शैलेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह समेत जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया तथा अध्यक्षता नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने की।
