August 10, 2025

Jaunpur news विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मानवता के पक्ष में संगोष्ठी संपन्न

Share


विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मानवता के पक्ष में संगोष्ठी संपन्न

Jaunpur news जौनपुर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने की।

डॉ. सिंह ने रेड क्रॉस के संस्थापक और मानवता के सच्चे मसीहा सर जीन हेनरी ड्यूनांट के जन्मदिवस (08 मई) पर सभी रेड क्रॉस सदस्यों, स्वयंसेवकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा, “रेड क्रॉस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि करुणा, सहायता और आशा का प्रतीक है। इस वर्ष की थीम ‘मानवता के पक्ष में’ हमें याद दिलाती है कि हमारा हर प्रयास मानव कल्याण और गरिमा की रक्षा के लिए है। रेड क्रॉस बिना किसी भेदभाव के, हर संकट में सबसे पहले ज़रूरतमंदों के साथ खड़ा रहता है।”

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा, “विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर हमें सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना के साथ मानवता के पक्ष में खड़े होने का संकल्प लेना चाहिए। यही हमारी असली ताकत है।”

एसीएमओ डॉ. राजीव कुमार ने रेड क्रॉस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था हमेशा पीड़ित व्यक्तियों तक राहत और सहारा पहुँचाने में अग्रणी रही है।

सचिव डॉ. मनोज वत्स ने रेड क्रॉस के चिन्ह और उसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके जनक जीन हेनरी ड्यूनांट, जो स्विट्जरलैंड के निवासी थे, ने 1859 में युद्ध में घायल सैनिकों की सेवा से प्रेरित होकर इस संस्था की स्थापना की। यह संगठन आज पूरे विश्व में असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि “आइए, हम मिलकर मानवता की इस परंपरा को और सशक्त करें और मानव कल्याण में अपना योगदान दें।”

इस अवसर पर डॉ. कमर अब्बास, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय, रोहित श्रीवास्तव, डॉ. विमला सिंह, विजय प्रकाश मिश्रा, प्रकांत दूबे, शशिकांत सिंह, डॉ. सुबाष राय, एस.एन. सिंह, संदीप सिन्हा, उर्वशी सिंह, जनार्दन सिंह, नितिन सिंह, नितेश श्रीवास्तव, डॉ. अजय प्रताप सिंह, डॉ. हैदर अब्बास, अमित राय, राकेश कुमार, नितिन चौरसिया सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


About Author