January 23, 2026

Jaunpur news नहर में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Share


नहर में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Jaunpur news खेतासराय (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लखमापुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के समीप नहर पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी 24 वर्षीय शाहुल यादव पुत्र स्वर्गीय संतलाल यादव के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रात में निकला था घर से, सुबह नहर में मिला शव

परिजनों के अनुसार शाहुल यादव शुक्रवार रात लगभग आठ बजे घर से निकला था। गांव में बारात आई थी, इसलिए परिजनों ने सोचा कि वह बारात में गया होगा। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और खोजबीन शुरू कर दी। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने नहर की ओर जाते समय पुलिया के नीचे शाहुल का शव देखा, जिससे गांव में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही खेतासराय थानाध्यक्ष रामाश्रय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों का आरोप है कि शाहुल की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में पसरा मातम

शाहुल यादव परिवार का सबसे बड़ा सहारा था। पिता की मृत्यु के बाद वह सूरत (गुजरात) में ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। कुछ दिनों पहले ही वह छुट्टी पर घर आया था ताकि मां दुर्गावती देवी के साथ समय बिता सके। बेटे की असमय मौत से मां का रो-रो कर बुरा हाल है।

गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाहुल मेहनती और मिलनसार युवक था, उसकी हत्या ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।


About Author