September 20, 2024

सहकारी गन्ना विकास समितियों व चीनी मिलों में की जायेगी गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना

Share

सहकारी गन्ना विकास समितियों व चीनी मिलों में की जायेगी गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना
गन्ना कृषकों को गन्ना खेती में आने वाली समस्याओं का निराकरण व गन्ना उत्पादन बढ़ाना है मुख्य उद्देश्य
गन्ना कृषकों को उपलब्ध कराई जायेंगी एक ही स्थान पर गन्ना फसल से सम्बन्धित समस्त जानकारी
    जौनपुर – जिला गन्ना अधिकारी महेन्द्र कुमार द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी प्रभु एन. सिंह द्वारा गन्ने की खेती में तकनीकी सुधार एवं गन्ना कृषकों को अपनी उपज बढ़ाने में आने वाली कठिनाइयों के त्वरित समाधान एवं जागरूकता बढ़ाकर प्रति इकाई अधिक गन्ना उत्पादन प्राप्त करने एवं क्षेत्रीय विविधता में कमी लाने हेतु सहकारी गन्ना विकास समितियों एवं चीनी मिलों में गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है।
                 इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना प्रत्येक गन्ना समिति के मुख्यालय के मुख्य खाद गोदाम तथा चीनी मिलों के गेट एवं वाह्य सेवा केन्द्रों पर की जा रही है। गन्ना क्लीनिक प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक खुली रहेंगी। गन्ना क्लीनिक पर एक कृषक रजिस्टर रखा जायेगा जिसमें क्लीनिक में आने वाले कृषकों का नाम, पता, मोबाइल नम्बर एवं समस्या का संकलित विवरण इत्यादि नोट किया जायेगा। गन्ना क्लीनिक पर विभागीय योजनाओं, पुरस्कार योजनाओं, रोग-कीटों के उपचार, गन्ने की उन्नत किस्मों एवं बीज की उपलब्धता, गन्ना खेती की प्रचलित विधियों आदि के सम्बन्ध में अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जायगी। गन्ना क्लीनिक पर कृषकों के मृदा नमूने भी संकलित किये जायेंगे तथा इन्हें शोध केन्द्र, चीनी मिल के निकटवर्ती मृदा परीक्षण लैब अथवा इफको की मृदा परीक्षण लैब में टेस्ट कराकर टेस्ट रिपोर्ट/स्वायल हेल्थ कार्ड कृषकों को उपलब्ध कराये जायेंगे।
                   जिला गन्ना अधिकारी द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना के सम्बन्ध में आयुक्त महोदय, गन्ना एवं चीनी उ.प्र. के उपरोक्त निर्णय/निर्देश के क्रम में जनपद की सहकारी गन्ना समिति शाहगंज के खाद गोदाम ताखा (समिति परिसर) में गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केन्द्र की स्थापना की गई है, जहां उपस्थित होकर कृषक बन्धु अपनी उपरोक्त वर्णित समस्याओं से सम्बन्धित जानकारी/समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

About Author