Jaunpur news मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान, डीएम ने कई बूथों का किया निरीक्षण

IMG-20261024-WA0011
Share


जौनपुर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान, डीएम ने कई बूथों का किया निरीक्षण
पहली बार वोट देने वाले युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल करने पर जोर, बूथों पर फार्म-6 भरने की मिली सुविधा
जौनपुर। जिले में मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और पात्र नागरिकों को मतदान के अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष शिविरों में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तथा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए।
अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने मड़ियाहूं क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पालीताला, स्वामी विवेकानंद इंटरमीडिएट कॉलेज मड़ियाहूं, प्राथमिक विद्यालय फूलपुर पचोखर तथा प्राथमिक विद्यालय मदारपुर पचोखर में संचालित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बूथों पर मतदाता पंजीकरण की प्रगति और आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
विशेष शिविर के तहत सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे। शिविर में मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को अभियान के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्राप्त करने तथा पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
म