बदलापुर क्षेत्र के 105 क्षय रोगियों को प्रदान की पोषण किट

दवा का पूरा कोर्सअपनाएं , क्षयरोग से मुक्ति पाएँ : डॉ. जायसवाल
पिछले तीन साल में संस्था ने 200 से अधिक मरीजों को लिया गोद, आधे से ज्यादा हुए स्वस्थ : डॉ अंजू सिंह
जौनपुर, 30 नवम्बर 2022 । राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के गौरीशंकर मंदिर सिंगरामऊ स्थित कार्यालय पर 105 क्षय रोगियों को पोषण किट प्रदान की गयी । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ एसके जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया ।
डॉ जायसवाल ने कहा कि कोर्स पूरा होने तक नियमित रूप से दवा का सेवन करने से क्षय रोग को जड़ से समाप्त किया जा सकता है । दवा बीच में नहीं छोड़ना चाहिए क्योंकि बीच में दवा छोड़ने से यह मल्टी ड्रग रजिस्टेंस (एमडीआर) टीबी में बदल जाता है l उन्होंने क्षय उपचाराधीनों के लिए ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की ।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिंगरामऊ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉ अभिषेक वर्मा ने क्षय रोग के लक्षणों के बारे में जानकारी दी । ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की प्रमुख डॉ अंजू सिंह ने बताया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आह्वान पर समिति ने वर्ष 2019 से अब तक 200 से अधिक क्षय उपचाराधीनों को गोद लेकर उन्हें पोषाहार प्रदान करने के साथ ही भावनात्मक सहयोग प्रदान किया है । इसके चलते आधे से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । इस दौरान दर्जनों की संख्या में उपचाराधीनों को वोकेशनल ट्रेनिंग देकर स्वावलंबी बनाया गया है । संस्था की सांस्कृतिक टीम संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से क्षय रोग और डेंगू के बारे में लोगों को जागरूक कर रही है । इस दौरान अंजू मिश्रा, खुशी मिश्रा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम टीम ने गीतों के माध्यम से क्षय रोग, एड्स तथा डेंगू के लक्षणों और बचाव के बारे में जानकारी दी।
