Jaunpur news हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद
गौराबादशाहपुर में हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहाँ गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर 2026 को झगड़ा छुड़ाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने विन्द्रेश राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल विन्द्रेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतक के पिता लल्लन राजभर की तहरीर पर गौराबादशाहपुर थाने में तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में 29 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आजमगढ़ रोड स्थित आरा पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सानू उपाध्याय उर्फ अनिकेत उपाध्याय (23), विकास तिवारी उर्फ कल्लू तिवारी (27) और वीरू पाण्डेय उर्फ गोलू (29) के रूप में हुई है। तीनों कुकुहाँ गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुन्नालाल शर्मा, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
