पीएचसी भैंसौली की विधायक सही कराएंगे बाउंड्री वॉल

-सबमर्सिबल की भी होगी मरम्मत, निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी को मिला आश्वासन
-फार्मासिस्ट की भी होगी तैनाती, अनुपस्थित सफाईकर्मी का वेतन रोकने का दिया निर्देश
जौनपुर, 22 नवम्बर 2022
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह ने विधायक रमेश सिंह के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुइथाकला अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भैसौली का निरीक्षण किया। वहां की बाउंड्रीवॉल टूटी मिली। इसके लिए विधायक ने शासन से बजट मांगने तथा कुछ स्वयं के बजट से निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
पीएचसी पर लगा सबमर्सिबल पम्प खराब था। वहां के चिकित्साधिकारी डॉ शिव पांडे ने इसकी वजह से मरीजों, तीमारदारों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को होने वाली असुविधा के बारे में जानकारी दी। विधायक ने उसकी भी मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सीएमओ डॉ लक्ष्मी सिंह ने वहां की उपस्थिति पंजिका देखी जिसमें सफाईकर्मी लगातार अनुपस्थित पाया गया। सीएमओ ने सीएचसी सुइथाकला के प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) डॉ सूर्य प्रकाश को उसका वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने दवा की उपलब्धता भी देखी तो स्टाक में सारी दवाएं पर्याप्त मात्रा में मिलीं। सीएमओ ने दवा खत्म होने से पहले ही जिला मुख्यालय से दवा मंगवा लेने का निर्देश दिया। इस दौरान चिकित्साधिकारी डॉ शिव पांडे ने कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। सीएमओ ने शीघ्र फार्मासिस्ट की तैनाती किए जाने का आश्वासन दिया।
