राज्य स्तरीय टीम ने देखी वैक्सीन भंडारण व कोल्ड चेन प्वाइंट की व्यवस्था

राज्य स्तरीय टीम ने देखी वैक्सीन भंडारण व कोल्ड चेन प्वाइंट की व्यवस्था
मूल्यांकन में संतुष्ट दिखी टीम, दस्तावेज़ दुरुस्त कराने के लिए दिया निर्देश
जौनपुर, 22 अक्टूबर 2022 । राज्य स्तरीय टीम ने शुक्रवार और शनिवार को जनपद के वैक्सीन भंडारण, कोल्ड चेन प्वाइंट के रख-रखाव की स्थिति का मूल्यांकन व निरीक्षण किया । जिला वैक्सीन भंडारण कक्ष में मौजूद वैक्सीन रखने वाली मशीनें आइस लाइन रेफ्रिजरेटर (आईएलआर), डीप फ्रीजर, कोल्ड बाक्स एवं आइस पैक के साथ मशीनों में लगे लागर आदि जांचा । सभी आईएलआर, डीप फ्रीजर में टेम्परेचर लागर मिला । वैक्सीन के रख-रखाव की मौके पर स्थिति देखी, स्टाक बुक वितरण रजिस्टर देखा, बाउचर तथा वैक्सीन वाहन के बारे में विस्तृत जानकारी ली ।
शनिवार को मछलीशहर तहसील अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुंगराबादशाहपुर के कोल्ड चेन प्वाइंट की जांच की । स्टोरेज में रखे कोल्ड बाक्स, सिरिंज आदि सामान रखने की व्यवस्था देखी । जुलाई 2021 से सितम्बर 2022 तक की सिरींज प्राप्ति और खपत के आंकड़े मिलाए जो कि सही दिखे । सत्रों पर टीकाकरण में उपयोग के लिए कटी हुई सिरिंज जो कि टीकाकरण हो जाने पर वापस आती है, उसका निस्तारण करने के लिए बने सार्प डिसपोजेबल पिट (गड्ढे) को देखा । उपयोग के बाद बेकार हुई सिरिंज के निस्तारण के लिए इस गड्ढे का उपयोग किया जाता है । उपयोग के बाद बेकार हुई सिरिंज पर ब्लीचिंग पाउडर डालकर डिसइन्फेक्ट किया जाता है । उसके बाद उसे सार्प डिस्पोजेबल पिट में डालकर निस्तारित किया जाता है । यह पिट भी मानक के अनुरूप मिला । उन्हें डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर (डीवीएस) भी दिखाया गया । बताया कि जनपद में कुल 24 वैक्सीन कोल्ड चेन प्वाइंट हैं । डीवीएस पर 19 आईएलआर, चार डीप फ्रीजर हैं जबकि मुंगराबादशाहपुर में दो डीप फ्रीजर और दो आईएलआर हैं । टीम मूल्यांकन से संतुष्ट हुई और डाक्युमेंटेशन दुरुस्त कराने के लिए कहा।
निरीक्षण के लिए राज्य स्तर से डॉ सैय्यद बेलाल हसन और गौरव दीक्षित आए थे जबकि उन्हें स्थानीय स्तर जानकारी देने में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह, उपजिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डिप्टी डीआईओ) डॉ डीके सिंह, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी अश्विनी जायसवाल, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) से प्रोजेक्ट आफिसर डॉ आशुतोष मिश्रा, वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर (वीसीसीएम) शेख अबजाद, संयुक्त राष्ट्र बाल आपातकोष (यूनीसेफ) के क्षेत्रीय समन्वयक प्रदीप विश्वकर्मा, जिला मोबलाइजेशन समन्वयक (डीएमसी) गुरदीप कौर और बलवंत सिंह ने सहयोग किया। डिस्ट्रिक्ट कोल्ड चेन हैंडलर अमित सिंह, स्टोर कीपर अभिजीत भी मौके पर मौजूद रहे।
