February 22, 2026

जुलाई की खामियों तथा राज्य औसत से कम उपलब्धियों को इस बार सही करें: जिलाधिकारी

Share

जुलाई की खामियों तथा राज्य औसत से कम उपलब्धियों को इस बार सही करें: जिलाधिकारी

बैठक
-एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा सात से 21 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान
-द्वितीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की

जौनपुर, 30/09/2022
एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा सात से 21 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में द्वितीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने संचारी अभियान की सफलता के लिए चल रहीं तैयारियों की समीक्षा की। बीते जुलाई माह में अभियान के दौरान पाई गईं खामियों तथा राज्य औसत से कम उपलब्धियों को इस बार के अभियान में पूर्ण करने का दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि अब तक की तैयारियों में सभी विभागों की जनपद स्तरीय कार्य योजना प्राप्त हो चुकी है‌। कुछ ब्लाकों पर कार्य योजना उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें शीघ्र ब्लाक पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, सभासद, सरकारी व निजी स्कूलों के अध्यापक, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शत-प्रतिशत प्रशिक्षण कराए जाने का निर्देश दिया। अभियान का उद्घाटन एक अक्टूबर को जनपद और ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उद्घाटन का कार्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने तथा माइकिंग एवं प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में अभियान से संबंधित विभागों जैसे पंचायती राज विभाग, चिकित्सा विभाग, नगर विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जनपद में डेंगू की स्थिति: बताया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ लक्ष्मी सिंह ने टीम का गठन कर रैंडम आधार पर सात निजी चिकित्सालयों पर 20 बुखार के रोगियों का सैंपल लेकर एनएस-1(डेंगू की जांच) जांच कराई है, जिसमें एक मरीज एनएस-1 धनात्मक पाया गया है। साथ ही सामान्य वायरल बुखार के रोगियों को भी प्लेटलेट काउंट के आधार पर डेंगू घोषित कर उनका इलाज किए जाने के बारे में भी जानकारी होने की बात कही गई। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर बिल्कुल नहीं घबराए, राजकीय चिकित्सालय में जांच कराकर नि:शुल्क इलाज करवाएं, चिकित्सालय में एनएस-1 जांच एवं उसके बाद कंफर्मेशन जांच नि:शुल्क उपलब्ध है। इसलिए किसी प्रकार की डरने की जरूरत नहीं है। पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं और बिना घबराए हुए अपना इलाज करवाएं।
बताया गया कि बदलापुर में अब स्थिति सामान्य है। डेंगू धनात्मक केस पहले की तुलना में अब बहुत कम हो गए हैं। आज कुल 142 बुखार के रोगियों में से 56 रोगियों की डेंगू जांच की गई जिसमें से आठ रोगी एनएस-1 धनात्मक पाए गए। बदलापुर में निरंतर स्वास्थ्य विभाग एवं नगरपालिका के सहयोग से घर-घर सर्वे कर डेंगू मच्छर एडीज के लार्वा के स्रोत विनष्टीकरण, लार्वानासी छिड़काव, इंडोर कीटनाशक छिड़काव, फागिंग, प्रचार-प्रसार इत्यादि गतिविधियां कराई जा रही हैं। इस मौसम में लोगों से अपील है कि वह बदन को पूरी तरह ढकने वाला वस्त्र पहनें, घर के अंदर अथवा बाहर कूलर, टीन पात्र, गमले, फ्रिज, एयर कंडीशनर, प्लास्टिक के बर्तन, बाल्टी, टायर आदि में कहीं भी पानी एकत्रित न होने दें। सप्ताह में एक बार अवश्य ऐसे पात्रों को सुखा कर रखें जिससे डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के प्रजनन को रोका जा सके और बीमारी पर पूर्ण रूप से काबू पाया जा सके।

About Author