जनपद की 25 संस्थाओं ने 1,520 क्षयरोगियों को लिया गोद

जनपद की 25 संस्थाओं ने 1,520 क्षयरोगियों को लिया गोद
सेवा पखवाड़ा
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, सांसद सीमा द्विवेदी, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने लिया गोद
- टीबी रोग के लक्षण दिखें तो जांच जरूर कराएं, निःशुल्क इलाज की सुविधा मौजूद: सीमा द्विवेदी
जौनपुर, 30 सितंबर 2022 । प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 1,520 क्षयरोगियों को 22 संस्थाओं, दो विभागों तथा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गोद लिया है। इसमें दो विभाग (खंड विकास अधिकारी तथा अर्थ एवं संख्या अधिकारी) तथा एक भाजपा है। वहीं ब्लाक पर 942 तथा संस्थाओं ने 562 क्षयरोगियों को गोद लिया जबकि बीजेपी ने 16 लोगों को गोद लिया है।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को भाजपा की तरफ से राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने एक-एक मरीज को पोषण किट देकर गोद लिया। लायंस क्लब की विभिन्न शाखाओं, रेडक्रास सोसायटी, आकांक्षा समिति, जेसीआई, सरजू प्रसाद शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्था सहित कुल 22 संस्थाओं को मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया के साथ उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति को क्षयरोगियों के इलाज में योगदान देने के लिए प्रशंसा की गई।
इस मौके पर सीमा द्विवेदी ने लोगों को क्षयरोग के प्रति आगाह किया। उन्होंने धुएं से बचाव और साफ-सफाई पर जोर दिया। कहा कि हर लक्षण वाला व्यक्ति जांच में क्षय रोगी निकले ऐसा नहीं है। इसलिए ही सारी जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इलाज शुरू होता है। उन्होंने सुजानगंज के सर्वेमऊ गांव में एक क्षयरोग प्रभावित परिवार में क्षयरोग विभाग टीम भेजकर जांच और इलाज में विशेष सहूलियत देने की मांग की। उन्होंने गोद लेने की प्रक्रिया की प्रशंसा की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को वर्ष 2025 तक क्षयमुक्त बनाने का अभियान शुरू किया है। अभियान में सहयोग देने के लिए ही भाजपा कार्यकर्ता क्षयरोगियों को गोद ले रहे हैं। आगे जो भी क्षयरोगी चिह्नित होंगे, भाजपा उनके स्वस्थ होने में अधिक से अधिक लोगों को गोद लेने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है। यह एक स्वयंसेवी संस्था की तरह भी काम करती है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह, जिला क्षयरोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ राकेश कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ राजीव कुमार, भाजपा के दो महामंत्री पियूष गुप्ता और सुशील मिश्रा, सीनियर ट्रीटमेंट लैब सुपरवाइजर (एसटीएलएस) राजीव श्रीवास्तव, संजीव सिंह (एसटीएस) सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। क्षयमुक्त भारत अभियान के बारे में प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ सुशील अग्रहरि ने जानकारी दी। उन्होंने ही कार्यक्रम का संचालन किया।
