Jaunpur news कुएं में मोनोब्लॉक मशीन से निकले धुएं ने ली दो कर्मचारियों की जान, दम घुटने से दर्दनाक मौत
कुएं में मोनोब्लॉक मशीन से निकले धुएं ने ली दो कर्मचारियों की जान, दम घुटने से दर्दनाक मौत
मुफ्तीगंज,जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सोसापट्टी ग्राम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में कुएं के अंदर काम कर रहे दो कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी कुएं के अंदर मोनोब्लॉक मशीन बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन से अचानक धुआं निकलने लगा। कुएं के अंदर पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने और धुएं के कारण दोनों का दम घुटने लगा। हादसे में शिवबालक (25 वर्ष), पुत्र बिंदु, निवासी शेषा पट्टी, थाना केराकत तथा कन्हैया लाल चौहान (50 वर्ष), पुत्र भगेलू चौहान, निवासी सुचितपुर भोगी पट्टी, थाना केराकत की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शिवबालक रस्सी के सहारे कुएं से ऊपर आने का प्रयास कर रहा था, लेकिन हाथ छूट जाने के कारण वह दोबारा कुएं में गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
[
