Jaunpur news जौनपुर पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे गिरफ्तार
जौनपुर पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे गिरफ्तार
मछलीशहर में नहर पुलिया के पास संयुक्त टीम ने दबोचा, पिस्टल 30 हजार और तमंचा 5 हजार रुपये में बेचता था आरोपी
जौनपुर। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मछलीशहर थाना पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मिर्जापुर जनपद का रहने वाला है और पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके पास से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सुनील दुबे का नाम सामने आया था। आरोपियों ने बताया था कि मिर्जापुर निवासी सुनील उन्हें बिक्री के लिए अवैध हथियार उपलब्ध कराता था। इसके बाद वे सुनसान रास्तों के जरिए पुलिस से बचते हुए अलग-अलग स्थानों पर हथियारों की सप्लाई करते थे। इस मामले में सुनील दुबे को वांछित घोषित किया गया था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले जौनपुर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में 8 सितंबर 2026 को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने इनाम की धनराशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी तस्कर
28 नवंबर को मछलीशहर पुलिस की टीम खाखोपुर पिकेट पर मौजूद थी। इसी दौरान एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी के अधिकारियों से सूचना मिली कि वांछित सुनील दुबे मछलीशहर की ओर से प्रयागराज जाने वाला है। सूचना मिलते ही दोनों टीमों ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दी और मौके पर पहुंचे सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया हथियारों का कारोबार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अवैध असलहों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए वह रात के समय सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तारी के दिन भी वह पहले बेचे गए हथियारों की रकम वसूलने के लिए बंधवा आया था। पैसे नहीं मिलने पर वह प्रयागराज जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहा था।
पूछताछ में उसने पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और देशी तमंचा लगभग पांच हजार रुपये में बेचने की बात बताई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील दुबे पुत्र रामशिरोमणि दुबे, निवासी ग्राम हरसड़, पोस्ट बरडीहा, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ प्रयागराज के नैनी थाने, मिर्जापुर के कछवां थाने और जौनपुर के मछलीशहर थाने में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। मछलीशहर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 280/2026 के तहत आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में मछलीशहर पुलिस टीम के साथ एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को अंतरजनपदीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।
