Jaunpur news योगी सरकार के विकास कार्यों ने प्रदेश को नई दिशा दी, 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतेगी: डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह
योगी सरकार के विकास कार्यों ने प्रदेश को नई दिशा दी, 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतेगी: डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह
जफराबाद। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जफराबाद के पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने विकास के क्षेत्र में ऐसे काम किए हैं, जिनकी मिसाल पहले देखने को नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 325 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर दोबारा सरकार बनाएगी।
शहर के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए सड़कों का विस्तार और चौड़ीकरण कराया गया है। साथ ही नदियों पर पुलों का निर्माण कर आवागमन को पहले से अधिक सुगम बनाया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, विभिन्न प्रकार की जांच और जरूरी दवाओं की व्यवस्था से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिली है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही हैं। किसान सम्मान निधि, खाद-बीज की उपलब्धता और सरकारी खरीद के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है, जिससे कानून का राज स्थापित हुआ है।
एमएलसी चुनाव में पार्टी की हार को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व विधायक ने कहा कि इसके पीछे पार्टी के कुछ लोगों की लापरवाही जिम्मेदार रही। वहीं, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में अधिकारियों की लापरवाही उचित नहीं है। ऐसे मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण होना चाहिए।
अपने विधायक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्य आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों के आधार पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करेगी।
