Jaunpur news गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के घर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस, गांव में डुगडुगी बजवाकर कराया ऐलान
गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के घर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस, गांव में डुगडुगी बजवाकर कराया ऐलान
जौनपुर। गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उसके घर पर नोटिस चस्पा कराया। इस दौरान गांव में डुगडुगी बजवाकर मुनादी भी कराई गई और ग्रामीणों के बीच आरोपी के संबंध में जानकारी सार्वजनिक की गई।
मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव का है। यहां के निवासी सद्दाम उर्फ शदाब पुत्र शरीफ के खिलाफ आजमगढ़ जिले के देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी वर्तमान में बरदह थाना क्षेत्र के बक्सपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमा संख्या 234/2026 में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(ख)1 और 3(1) के तहत आरोपी वांछित है। न्यायालय से जारी धारा 84 बीएनएसएस के आदेश के अनुपालन में बरदह थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पतहना गांव पहुंचे।
ग्रामीणों की मौजूदगी में डुगडुगी बजवाकर माइक से न्यायालय के आदेश को पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद आरोपी के घर के दरवाजे के साथ ही गांव के रास्ते में लगे खंभों और प्राथमिक विद्यालय की दीवार पर भी नोटिस की प्रतियां चस्पा की गईं।
इस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल कमलेश सैनी, कांस्टेबल रोहित कुमार, महिला आरक्षी रिद्धिमा और हेड कांस्टेबल निगवेन्द्र कुमार मौजूद रहे। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई की।
