Jaunpur news पिकअप की टक्कर से मासूम की दर्दनाक मौत, बिस्किट-टॉफी लेकर घर लौट रही चार वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम

IMG-20261111-WA0024
Share


पिकअप की टक्कर से मासूम की दर्दनाक मौत, बिस्किट-टॉफी लेकर घर लौट रही चार वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम
जौनपुर। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घर के पास दुकान से बिस्किट और टॉफी लेकर लौट रही चार वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची की जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खम्हौरा गांव निवासी नीरज गौतम की चार वर्षीय बेटी मानवी बुधवार को घर के नजदीक स्थित दुकान पर खाने-पीने का सामान लेने गई थी। सामान खरीदकर वापस लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, भकुरा मोड़ की ओर से जंगीपुर खुर्द जा रही टेंट का सामान लदी पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
परिजन आनन-फानन में उसे बाइक से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक भी परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा था, लेकिन बच्ची की मौत की पुष्टि होते ही वह वहां से फरार हो गया। चालक घटनास्थल पर ही वाहन छोड़कर अस्पताल गया था।
उधर, हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम की मौत से लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। हालात बिगड़ने और सड़क जाम की आशंका को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।
मानवी दो भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी असमय मौत से माता पूजा सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।