Jaunpur news पुलिस की बड़ी कामयाबी 60 लाख रुपये के 301 गुमशुदा मोबाइल बरामद, दिवाली पर मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
जौनपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 60 लाख रुपये के 301 गुमशुदा मोबाइल बरामद, दिवाली पर मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
अब तक 6.52 करोड़ रुपये कीमत के 2,609 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप चुकी है पुलिस
जौनपुर। जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 301 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने जौनपुर पुलिस का आभार जताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल ने यह अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और पीड़ितों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश की गई। इस दौरान जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी मोबाइल बरामद किए गए। इतना ही नहीं, पुलिस टीम ने दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान तक मोबाइल फोन की लोकेशन तलाश कर उन्हें बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
बरामद मोबाइल फोन में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग सहित कई कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान के तहत अब तक कुल 2,609 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस किए जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 52 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने मोबाइल स्वामियों को फोन वितरित करते हुए लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी शिकायत करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी लिखित शिकायत दी जा सकती है।
दिवाली के अवसर पर लंबे समय से खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने से मोबाइल स्वामियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में साइबर क्राइम सेल के प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के साथ निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक नीलम सिंह, आलोक सिंह सहित साइबर क्राइम थाना के पुलिसकर्मियों और जनपद के विभिन्न थानों में तैनात साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की अपील
मोबाइल गुम होने पर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद CEIR पोर्टल पर आवेदन करें।
अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें।
बैंक से संबंधित जानकारी के लिए सीधे बैंक से संपर्क करें।
किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें।
अनजान लिंक पर क्लिक या संदिग्ध QR कोड स्कैन न करें।
अपना OTP, बैंकिंग विवरण, MPIN और UPI PIN किसी के साथ साझा न करें।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारियां साझा करने से बचें।
पुलिस का संदेश है कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।

