Jaunpur news पुलिस का बड़ा एक्शन अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 14 सदस्य गिरफ्तार, चार बाइक और सोने की चेन समेत लाखों का सामान बरामद

IMG-20261106-WA0054
Share

जौनपुर पुलिस का बड़ा एक्शन अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 14 सदस्य गिरफ्तार, चार बाइक और सोने की चेन समेत लाखों का सामान बरामद

जौनपुर। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली, मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिहार से जुड़े एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कुल 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, पीली धातु की एक चेन, 8,180 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कोतवाली पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा
कोतवाली पुलिस ने पांच पुरुषों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3,480 रुपये नकद, पीली धातु की एक चेन, चोरी की दो मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद चेन को कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताया गया है, जबकि एक मोटरसाइकिल गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी है। पुलिस ने संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की।
मछलीशहर पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
वहीं, मछलीशहर पुलिस ने रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और चेन बेचने से प्राप्त 4,700 रुपये बरामद किए गए। इस मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने बाइक चोरी के दो आरोपियों को दबोचा
इसी अभियान के तहत मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने बहोरिकपुर सड़क के पास घेराबंदी कर दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से सुजानगंज क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ और जांच के दौरान दो अन्य महिलाओं के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मेले और बाजारों में बनाते थे लोगों को निशाना
पुलिस की पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और अलग-अलग जिलों में घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे। मेला, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। गिरोह में शामिल महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन काटकर फरार हो जाती थीं। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर अपने खर्च चलाते थे।
पुलिस के मुताबिक, तीनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी और चार मोटरसाइकिलों समेत अन्य सामान की बरामदगी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।