Jaunpur news सामाजिक न्याय, जनभागीदारी एवं लोककल्याण का संदेश देते हैं लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन जी : राकेश मौर्य
सामाजिक न्याय, जनभागीदारी एवं लोककल्याण का संदेश देते हैं लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन जी : राकेश मौर्य
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा रविवार को जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज, जौनपुर में संपूर्ण क्रांति के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी एवं महाराजा अग्रसेन जी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष, विचारों एवं सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक न्याय, जनभागीदारी, समानता एवं लोककल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी ने संपूर्ण क्रांति के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जनशक्ति और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया, वहीं महाराजा अग्रसेन जी ने समतामूलक समाज, सहयोग, उद्यमशीलता और लोककल्याण की भावना को मजबूत किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक चेतना और समावेशी विकास के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
विचार गोष्ठी को प्रदेश सचिव सुशील दुबे, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, जिला सचिव दीपक विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ लाल मोहम्मद राईनी, राष्ट्रीय सचिव बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी हरिश्चंद प्रभाकर, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिलीप प्रजापति, आनंद गुप्ता, रवि यादव, पूनम यादव एवं सबीना बेगम सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक समानता, आपसी सहयोग एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
इस अवसर पर जिला सचिव अजय मौर्य, समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव संदीप यदुवंशी, सोनी सेठ, सोनी यादव, मोहम्मद आसिफ शाह, आतिश सोनकर, विनय विनायक, ईशान यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
