Jaunpur news रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
मेहरांवा स्टेशन के समीप वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर मिला करीब 60 वर्षीय वृद्ध का शव
करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मेहरांवा रेलवे स्टेशन के समीप बृहस्पतिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव देखा तो इसकी सूचना रेलवे कर्मचारियों को दी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास में जुट गई।
मेहरांवा गांव के पास वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर सुबह ग्रामीणों की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। शव की स्थिति क्षत-विक्षत होने के कारण मौके पर मौजूद लोग उसकी पहचान नहीं कर सके। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी रेलवे कर्मचारियों को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए टीम गठित की गई है। प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव की पहचान होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
