Jaunpur news स्ववित्त पोषित शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर कुलपति से मिला शिक्षक संघ, समाधान का मिला आश्वासन
स्ववित्त पोषित शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर कुलपति से मिला शिक्षक संघ, समाधान का मिला आश्वासन
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध अनुदानित एवं स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों के शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में नवागत कुलपति से मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व टीडी कॉलेज के शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार सिंह ने किया। इस दौरान महामंत्री डॉ. संजय कुमार तिवारी (मड़ियाहूं पीजी कॉलेज), उपाध्यक्ष डॉ. रविकांत सिंह तथा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य डॉ. बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
शिक्षक संघ की ओर से स्ववित्त पोषित शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग डीए के 540 रुपये भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने पर कुलपति को आभार एवं धन्यवाद पत्र सौंपा गया। साथ ही शिक्षकों से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से वरिष्ठता सूची जारी करने और पीएचडी से संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखा। कुलपति ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विभिन्न मांगों पर क्रमबद्ध तरीके से समाधान का आश्वासन दिया।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र और शिक्षक हित में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले सकारात्मक कदमों में संघ की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस मौके पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार सिंह और महामंत्री डॉ. संजय कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ आगे भी विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखता रहेगा।
