Jaunpur news राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जौनपुर। प्रयागराज के सीएबी कॉलेज में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में वाराणसी मंडल ने अयोध्या मंडल की टीम को 25-19 एवं 25-16 से लगातार दो सेटों में पराजित किया।
इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबले में वाराणसी मंडल की टीम ने स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था। विजेता टीम में अधिकांश खिलाड़ी जनपद जौनपुर के रहे, जिनके शानदार प्रदर्शन ने वाराणसी मंडल को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वाराणसी मंडल की टीम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, विकासखंड बदलापुर, जौनपुर के छह होनहार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। टीम के कोच के रूप में श्री सुरेश कुमार यादव, सहायक अध्यापक, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, बदलापुर ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
इस शानदार उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने खिलाड़ियों, कोच एवं विद्यालय परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जौनपुर के परिषदीय विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेल के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए विभाग की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा, ताकि वे मंडल और राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी जनपद का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चों में खेल प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हुए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
जौनपुर के छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम का हिस्सा बनना जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
