Jaunpur news राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना स्थापना दिवस
राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना स्थापना दिवस
नए भवन एवं सभागार का हुआ लोकार्पण, पुरातन छात्रों व मेधावियों का सम्मान
जौनपुर। शहर के मध्य स्थित अति प्राचीन शिक्षण संस्थान राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज का स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव शनिवार को विद्यालय परिसर में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, अध्यक्ष प्रो. (कैप्टन) अखिलेश्वर शुक्ला, प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति, प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे एवं पूर्व एमएलसी प्रमोद मिश्रा ने मां सरस्वती एवं राजा श्रीकृष्ण दत्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया। राज परिवार के सदस्य रानी नीता कुंवर, रजत थरेजा, राधिका थरेजा एवं बद्दी कपूर की उपस्थिति कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
उत्तर प्रदेश सरकार की प्रोजेक्ट अलंकार योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालय के भवन निर्माण तथा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी के सहयोग से निर्मित सभागार का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही कदंब एवं नीम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश दिया गया।
पुरातन छात्रों और प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत पुरातन छात्रों एवं छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कर्नल रामदास द्विवेदी, न्यायाधीश अभिषेक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रीति वर्मा, एसबीआई के रौनक अफरोज, एचडीएफसी बैंक की निकिता सिंह, जिला उद्योग विभाग के अधिकारी दीपक सेठ, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कपूर, चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. नीरज सिंह बेलाव, उप प्रबंधक जियाराम यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक महाबल यादव, डॉ. आयुष उपाध्याय (एमबीबीएस, एमडी), शासकीय अधिवक्ता यादवेन्द्र चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पत्रकार श्याम नारायण पांडेय सहित दर्जनों पुरातन छात्र शामिल रहे।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के प्रति योगदान का आह्वान
मुख्य अतिथि सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उस शिक्षण संस्थान और गुरु के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए, जहां से उसने शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के तहत उन्होंने जनपद के करीब 90 शिक्षण संस्थानों को बिना किसी भेदभाव के सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार सहयोग करने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय माता सेवक उपाध्याय, भाई सुधाकर उपाध्याय, जो इस संस्थान के पूर्व प्रधानाचार्य रहे, तथा स्वयं के विद्यालय से जुड़े होने का उल्लेख करते हुए इसकी गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति ने संस्था की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की उपलब्धियों एवं प्रगति की आख्या प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्राचार्य राज पीजी कॉलेज, जौनपुर प्रो. (कैप्टन) अखिलेश्वर शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बड़ा काम करने के लिए बड़ी सोच का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का यह सौभाग्य है कि वे लगभग दो शताब्दी पुराने, वर्ष 1841 में स्थापित इस गौरवशाली शिक्षण संस्थान में अध्ययन कर रहे हैं।
वार्षिकोत्सव एवं लोकार्पण समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल उपाध्याय, डॉ. अनिल सिंह, शिवभूषण चौबे, डॉ. विनय कुमार सिंह, संदीप मिश्रा, अशोक कुमार मिश्रा, प्रेमचंद, डॉ. विश्वनाथ, डॉ. रमेश राघवेंद्र सिंह, पवन साहू, आनंद तिवारी, रमेश त्रिपाठी, डॉ. बृजेश सिंह, संजय सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, रंजना चौरसिया, पूजा सिंह एवं ज्योति सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भौतिक विज्ञान प्रवक्ता एवं एनसीसी के संघीय अधिकारी लेफ्टिनेंट बृजभूषण यादव एवं अवनीन्द्र तिवारी ने किया।
