Jaunpur news कोतवाली चौराहे पर मिशन शक्ति अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कोतवाली चौराहे पर मिशन शक्ति अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
जौनपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत कोतवाली चौराहे पर महिलाओं और बालिकाओं को एकत्रित कर उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 और 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। इनमें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
