August 14, 2026

Jaunpur news जौनपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, एकता और भाईचारे का दिया संदेश

Share

जौनपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, एकता और भाईचारे का दिया संदेश

जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में राष्ट्रभक्ति का जोश देखने को मिला। भगवान निषाद राज जन सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को जोगियापुर स्थित भगवान निषादराज मंदिर से डॉ. भीमराव आंबेडकर दीवानी तिराहा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व समिति के संस्थापक धर्मेंद्र निषाद ने किया।
तिरंगा यात्रा में विभिन्न वर्गों और धर्मों से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। पूरे मार्ग पर राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सद्भाव का माहौल बना रहा।
इस दौरान लोगों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
समिति के संस्थापक धर्मेंद्र निषाद ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकजुटता, सौहार्द और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
तिरंगा यात्रा के समापन पर लोगों ने देश की तरक्की, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

About Author