Jaunpur news बाजारों में सज गई तिरंगे की दुकानें, खरीदारी हुई तेज
बाजारों में सज गई तिरंगे की दुकानें, खरीदारी हुई तेज
मछलीशहर तहसील क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर पकड़ने लगीं हैं।नौ अगस्त से ही ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’का आगाज हो चुका है जो 17 अगस्त तक चलेगा।इस अभियान के लिए शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम के आयोजन को लेकर स्वतन्त्रता दिवस की खरीदारी तेज हो गई। मछलीशहर कस्बे की तहसील रोड, मुंगराबादशाहपुर कस्बे में सार्वजनिक डिग्री कॉलेज तथा जंघई बाजार में नागरिक इंटर कॉलेज के आस पास जगह-जगह तिरंगे की दुकानें सजी हुई हैं।इन दुकानों पर बैज, स्टीकर,हेयर बैंड,रिबन,टोपी, तिरंगे की टी शर्ट, तिरंगे के हवा से चलने वाले तिरंगे के पंखे,बच्चों के लिए मिलिट्री और पुलिस की यूनिफार्म,पालिस्टर और खादी के तिरंगे की अलग-अलग दामों पर बिक रही हैं। मछलीशहर में दुकानदार सत्यम पटवा ने बताया कि बच्चों के लिए तिरंगे की टी शर्ट 100 रुपए में और मिलिट्री और पुलिस की यूनिफार्म साइज के अनुसार 500 से 700 रुपए की बिक रही है।लोग अपनी बाइक में लगाने के छोटे-छोटे तिरंगे ले जा रहे हैं जो 20 से 50 रुपए तक के हैं। स्वतंत्रता दिवस के लिये तिरंगे की खरीदारी करने आये राजीव सिंह ने बताया कि सरकारी बिल्डिंग पर लगाने के लिए लोग आज भी खादी के झंडे ही खरीद रहे हैं लेकिन तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकालने के लिए बड़ी संख्या में तिरंगे की जरूरत पड़ रही है।सस्ता और धीमी हवा में फहरने का गुण होने के कारण लोग बड़ी संख्या में अब पालिस्टर का ही तिरंगा खरीद रहे हैं।पालिस्टर के तिरंगे की बिक्री अब बाजारों में खादी के तिरंगे की तुलना में कई गुना बढ़ गई है।
