Jaunpur news मड़ियाहूं में काली पन्नी में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, हाथ-पैर गायब मिलने से सनसनी

Share

मड़ियाहूं में काली पन्नी में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, हाथ-पैर गायब मिलने से सनसनी

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रानीपुर तिराहे से दक्षिण दिशा में नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों के बीच काली पन्नी में लिपटा एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति अत्यंत गंभीर थी और प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़ी एक बड़ी काली पन्नी पर गई। संदेह होने पर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसमें किसी व्यक्ति का शव होने की आशंका हुई। सूचना तत्काल मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस को दी गई।

करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पन्नी खोलकर देखा तो अंदर लगभग 25 वर्षीय अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। शव के दोनों हाथ और दोनों पैर गायब थे। घटनास्थल से एक काला लोअर और प्रिंटेड समीज भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को काली पन्नी में भरकर हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author