Jaunpur news शौक से शुरू होकर जानलेवा बनती है लत! विज्ञापनों के जाल में फंस रहा युवा
शौक से शुरू होकर जानलेवा बनती है लत! विज्ञापनों के जाल में फंस रहा युवा
सिंगरामऊ, जौनपुर : ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा आज वैश्विक तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक दिवसीय विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘आकर्षण का पर्दाफाश करना – निकोटिन और तंबाकू की लत का मुकाबला करना’ रखा गया था।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्था के टीम लीडर महेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि युवाओं को तंबाकू उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों के पीछे छिपे जानलेवा सच से अवगत कराना बेहद जरूरी है। तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों के पीछे छिपे सच को सामने लाना है ताकि युवा पीढ़ी को इसकी लत से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शुरुवात में शौक वश एवं दोस्तों के आग्रह एवं दबाव में बच्चे सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू जनित उत्पादों का सेवन करते हैं परंतु धीरे धीरे इसकी लत लग जाती है।उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से रक्तचाप (बीपी) बढ़ना, हृदय गति तेज होना और खून में ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याएं होती हैं। लंबे समय में यह आदत फेफड़ों के कैंसर, मुंह के कैंसर, स्ट्रोक और सीओपीडी जैसी घातक बीमारियों का रूप ले लेती है।
जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में सुनहरे सपने होने चाहिए, उस उम्र में बच्चे तम्बाकू के धीमे जहर की गिरफ्त में फंस चुके हैं। मुनाफा कमाने की अंधी दौड़ में डूबी तम्बाकू कंपनियां बच्चों के भविष्य को अपना नया बाजार बना लिया है। ये तंबाकू कंपनियां रंग-बिरंगी पैकेजिंग, मीठे स्वाद, नए उत्पादों और आकर्षक प्रचार के जरिए युवाओं को लुभा रही जिससे नए उत्पादों का चलन युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है।
चिंताजनक आंकड़ों को साझा करते हुए चंदौली से आये रामा तिवारी ने बताया कि भारत में दुनिया के करीब 12 प्रतिशत धूम्रपान करने वाले लोग रहते हैं, और देश में हर साल 10 लाख से अधिक लोग तंबाकू जनित बीमारियों के कारण दम तोड़ देते हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया, जो अब फील्ड विजिट कर ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इस अवसर पर सत्यजीत, लालमणि मिश्रा, अंजलि, विपिन कुमार ,शिव कुमार,आदित्य तिवारी, अछय तिवारी आद्या तिवारी ,दुर्गेश कुमार और सद्दाम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
