Jaunpur news परीक्षाओं के बीच पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने जारी किए परिणाम
परीक्षाओं के बीच पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने जारी किए परिणाम
बीटेक, एमएससी, एमटेक व बीएससी एग्रीकल्चर के रिजल्ट घोषित
परीक्षा नियंत्रक बोले, वेबसाइट पर देख सकते हैं छात्र-छात्राएं परिणाम
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने परीक्षा और मूल्यांकन कार्य में तेजी दिखाते हुए विभिन्न पाठ्यक्रमों के परिणाम घोषित कर दिए हैं।खास बात यह है कि जहां आसपास के कई विश्वविद्यालयों में अभी परीक्षाएं ही चल रही हैं, वहीं पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने कई विषयों का मूल्यांकन पूरा कर परिणाम भी जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की इस कार्यप्रणाली की छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चर्चा बनी हुई है।
विश्वविद्यालय परिसर के बीटेक आठवें सेमेस्टर में इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के परिणाम घोषित किए गए हैं। इसके अलावा एमएससी द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर भूगर्भ विज्ञान, भौतिक विज्ञान और गणित के परीक्षाफल भी समराथ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं।एमटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग का परिणाम भी जारी किया गया है।संबद्ध महाविद्यालयों के बीएससी एग्रीकल्चर अंतिम यानी आठवें सेमेस्टर का परिणाम भी घोषित कर दिया गया है।परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समराथ पोर्टल पर अपने अंक देख रहे हैं।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन समयबद्ध तरीके से परीक्षा और मूल्यांकन कार्य पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन पाठ्यक्रमों के परिणाम जारी किए गए हैं, उनके छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। शेष पाठ्यक्रमों के परिणाम भी जल्द चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे।
