Jaunpur news छेड़खानी व जानलेवा हमले के आरोप में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
छेड़खानी व जानलेवा हमले के आरोप में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जफराबाद।क्षेत्र के नावघाट पुल पर दवा लेने जा रही एक महिला के साथ गांव के ही दो युवकों द्वारा छेड़खानी करने, विरोध करने पर जान से मारने की नियत से उनके ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ा देने और गले से मंगलसूत्र छीनने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सुल्तानपुर (इमलो) निवासी पिंकी निषाद पत्नी विकाश निषाद ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीते गुरुवार (14 मई) की शाम लगभग 4 बजे उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह अपनी गूँगी ननद के साथ दवा लेने के लिए नरसिंह चौराहा आ रही थीं। जब वह नावघाट पुल पर पहुँचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके ही गांव के विनोद निषाद पुत्र प्रकाश निषाद और संदीप निषाद पुत्र जनारदन निषाद आ गए। आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता व छेड़खानी करते हुए पुल के नीचे चलने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की नियत से महिला के ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ा दी।
इस हादसे में महिला के पैर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरकर जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। शोर मचाने पर आरोपी महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में वीरतापूर्वक मुकाबला करने वाली पीड़िता पिंकी निषाद की तहरीर के आधार पर आरोपी विनोद निषाद और संदीप निषाद के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मुख्तार राम को सौंपी गई है
