Jaunpur news शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि, न्याय की मांग को लेकर पत्रकारों ने भरी हुंकार

Share

शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि, न्याय की मांग को लेकर पत्रकारों ने भरी हुंकार
जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पत्रकार भवन में बुधवार को शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने दिवंगत पत्रकार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
इलेक्ट्रॉनिक एंड डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक पत्रकार समाज का संघर्ष जारी रहेगा।
जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह “क्षेम” और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने मामले में अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दो वर्ष बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सभा को संबोधित करते हुए संपादक मंडल के संरक्षक रामजी जायसवाल, एसोसिएशन अध्यक्ष अजीत सिंह और अब्दुल हक अंसारी ने कहा कि समाज की आवाज उठाने वाला पत्रकार आज खुद न्याय की लड़ाई लड़ने को मजबूर है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
शहीद पत्रकार के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि विवेचना के दौरान मामले में लापरवाही बरती गई और मुख्य आरोपी का नाम जांच से हटा दिया गया। उन्होंने प्रकरण की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। तेलंगाना से आए पत्रकार अजय कुमार शुक्ला ने भी परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष का भरोसा दिलाया।
सभा में वक्ताओं ने आशुतोष श्रीवास्तव को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकार बताया, जिन्होंने हमेशा जनहित और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनकी हत्या से पूरे पत्रकार समाज में आक्रोश फैल गया था।
गौरतलब है कि 13 मई 2024 को शाहगंज थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में परिजनों की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
कार्यक्रम में राजेश श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, शशिराज सिन्हा, जावेद अहमद, आदित्य भारद्वाज, नितिश कुमार “राहुल”, अजीत बादल चक्रवर्ती, नीरज सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, वीरेंद्र पाण्डेय, रोहित चौबे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन दीपक मिश्रा ने व्यक्त किया।

About Author