Jaunpur news टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल, जरूरतमंद मरीजों को वितरित किए गए पौष्टिक आहार किट

Share

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल, जरूरतमंद मरीजों को वितरित किए गए पौष्टिक आहार किट

जौनपुर। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सरजू प्रसाद शैक्षिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था द्वारा जज कॉलोनी में जागरूकता एवं पोषण सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. सुशील कुमार अग्रहरी ने कहा कि टीबी मरीजों को समय पर उपचार और संतुलित पोषण मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया और अभियान के सामाजिक उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी देते हुए समाज से आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान एसटीएलएस राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि टीबी का इलाज बीच में छोड़ना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने बताया कि डीआर-टीबी मरीजों के परिवार के सदस्यों में लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच करानी चाहिए।

प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष सिंह ने टीबी के प्रमुख लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना, भूख कम लगना, बलगम में खून आना और रात में अधिक पसीना आना टीबी के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी जांच सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध है।

संस्था अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार प्रजापति ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने और छींकने से फैल सकती है। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर नवीन सिंह, प्रदीप सिंह, सोमरू राम प्रजापति, ठाकुर प्रसाद राय, सागर श्रीवास्तव, अतुल, धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव, बबलू, अमन श्रीवास्तव, अनिल कुमार गुप्ता, संगीता देवी, रामचंद्र, शुभम यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संजय उपाध्याय ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

About Author