Jaunpur news बदलापुर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण, जुटे कई दिग्गज नेता

Share

बदलापुर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण, जुटे कई दिग्गज नेता
जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत बदलापुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति एवं गौरव के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने महाराणा प्रताप के साहस और बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के अमर प्रतीक हैं, जिनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देते हैं।
इस अवसर पर एमएलसी शैलेंद्र सिंह, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व सांसद केपी सिंह, विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, रमेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने महाराणा प्रताप के जीवन संघर्ष और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
कार्यक्रम में सिंगरामऊ स्टेट के कुंवर जय सिंह बाबा, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र सिंह, दिनेश चौधरी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह, डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान की प्रेरणा देती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।

About Author