Jaunpur news महाराणा प्रताप जयंती पर युवाओं ने लिया फिटनेस और राष्ट्रसेवा का संकल्प
महाराणा प्रताप जयंती पर युवाओं ने लिया फिटनेस और राष्ट्रसेवा का संकल्प
जौनपुर। वीरता, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा कालीचाबाद स्थित महाराणा प्रताप पार्क में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सामूहिक सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षक जय सिंह के निर्देशन में परिषद कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। इस दौरान युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और आत्मबल का महत्व बताया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे विद्यार्थी परिषद के प्रदेश संयोजक शानू सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और देश के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि महाराणा प्रताप ने कठिन परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वस्थ शरीर और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में सचिन सिंह, आयुष, अंशुमान, शिवांश, हर्षवर्धन, नमन, अभिषेक, हर्ष, आरव, प्रिंस समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
