Jaunpur news भाजपा नफरत की राजनीति कर रही, 2027 में जनता देगी जवाब : जावेद आब्दी

Share

भाजपा नफरत की राजनीति कर रही, 2027 में जनता देगी जवाब : जावेद आब्दी
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री मौलाना जावेद आब्दी के जौनपुर आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नगर के बारादुअरिया स्थित सपा जिला सचिव मीर अफरोज हुसैनी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जावेद आब्दी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटकर राजनीति कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसी राजनीति को कभी सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद जिस प्रकार की हिंसा और तनाव की घटनाएं सामने आई हैं, वह चिंता का विषय हैं। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और राजनीतिक द्वेष की घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं के विवादित बयानों की निंदा करते हुए कहा कि देश की राजनीति में सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखना जरूरी है।
सपा नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जा रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में मजबूत सरकार बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों से जनता परेशान है और लोग बदलाव चाहते हैं।
इंडिया गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच आपसी संवाद जारी है और आने वाले समय में सभी दल मिलकर भाजपा के खिलाफ मजबूत रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर सपा जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य, मीर अफरोज हुसैनी, आरिफ हबीब, अली मंजर डेजी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author