Jaunpur news महाराणा प्रताप जयंती पर मेधावियों का सम्मान, वीरता और स्वाभिमान की गाथा को किया याद

Share

महाराणा प्रताप जयंती पर मेधावियों का सम्मान, वीरता और स्वाभिमान की गाथा को किया याद
जौनपुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में राजपूत सेवा समिति द्वारा भव्य मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभाशाली छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उनका त्याग और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करने वाले महान योद्धा थे। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना एवं महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
राजपूत सेवा समिति के पदाधिकारियों ने समाजहित में चलाए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए महाराणा प्रताप पार्क के समीप संग्रहालय निर्माण की योजना पर भी चर्चा की। समारोह में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कई मेधावियों तथा यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन कमला सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन शरद सिंह ने किया जबकि आभार ज्ञापन शशि मोहन सिंह क्षेम ने व्यक्त किया।
महाराणा प्रताप पार्क के पास पुलिस बूथ का उद्घाटन
कलीचाबाद स्थित महाराणा प्रताप पार्क के समीप शनिवार को नव निर्मित पुलिस बूथ का उद्घाटन पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, लाइन बाजार थाना प्रभारी तथा राजपूत सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

About Author