Jaunpur news बीएसए के औचक निरीक्षण से स्कूलों में मचा हड़कंप, कई शिक्षकों पर कार्रवाई
बीएसए के औचक निरीक्षण से स्कूलों में मचा हड़कंप, कई शिक्षकों पर कार्रवाई
जौनपुर। जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीण के दौरान कहीं छात्र संख्या कम मिली तो कहीं गंदगी और अव्यवस्थित मध्याह्न भोजन व्यवस्था देखकर बीएसए ने नाराजगी जताई। कई शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया, जबकि कुछ कर्मचारियों का वेतन और मानदेय भी रोक दिया गया।
धर्मापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया में निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र अनुपस्थित मिला। वहीं प्रार्थना सभा तक बेहद कम छात्र उपस्थिति पाए जाने पर प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया गया। विद्यालय परिसर और रसोईघर की साफ-सफाई बेहतर मिलने पर रसोइया की सराहना करते हुए उसे पुरस्कृत भी किया गया। अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय अगले आदेश तक रोक दिया गया।
इसके बाद करंजाकला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर का निरीक्षण किया गया, जहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और पढ़ाई का स्तर संतोषजनक पाया गया। हालांकि विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
करंजाकला के ही प्राथमिक विद्यालय खानपुर अकबर में हालात खराब मिले। विद्यालय परिसर में गंदगी और जलभराव की समस्या देख बीएसए ने नाराजगी जताई। टूटी चहारदीवारी और जल निकासी की समस्या को गंभीर मानते हुए उन्होंने तत्काल नगर पालिका प्रशासन से बातचीत की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने एक माह के भीतर समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
शाहगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तरसांवा में मध्याह्न भोजन व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित मिली। बच्चे बिना किसी निगरानी के भोजन करते पाए गए और उस समय कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। इस पर बीएसए ने खुद बच्चों को टाट-पट्टी पर बैठाकर उनके साथ भोजन किया और एमडीएम की गुणवत्ता भी जांची। भोजन मानक के अनुरूप न मिलने पर प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ का निरीक्षण दिवस का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
वहीं कम्पोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर में शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर मिली। निरीक्षण के दौरान कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं ने गणित विषय के प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर हल कर अपनी प्रतिभा दिखाई। बीएसए ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।
