Jaunpur news स्वास्थ्य केंद्रों में अग्निशमन विभाग की मॉकड्रिल
स्वास्थ्य केंद्रों में अग्निशमन विभाग की मॉकड्रिल
स्टाफ को सिखाए आग से बचाव के तरीके
मछलीशहर,जौनपुर।
अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय लखनऊ के आदेश के क्रम में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी सतहरिया अनिल यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर इवेक्युएशन ड्रिल एवं मॉकड्रिल का आयोजन कर कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से भवन खाली कराने का अभ्यास कराया गया। अग्निशमन अधिकारी अनिल यादव ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अलार्म बजाना चाहिए तथा नजदीकी एग्जिट का उपयोग करते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए।प्रशिक्षण के दौरान मरीजों, वृद्धजनों एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बाहर निकालने के बारे में विशेष रूप से बताया गया।
धुएं में फंसने की स्थिति में जमीन पर लेटकर क्रॉलिंग पोजीशन में बाहर निकलने की तकनीक भी समझाई गई। इसके साथ ही भवन में लगाए गए प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही एवं प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन कर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अनिल यादव ने कहा कि अस्पतालों एवं सार्वजनिक भवनों में समय-समय पर विद्युत वायरिंग का इलेक्ट्रिक ऑडिट कराना अत्यंत आवश्यक है, जिससे शॉर्ट सर्किट एवं आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं सतर्कता ही अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।कार्यक्रम के अंत में अस्पताल कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग द्वारा दिए गए प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
