Jaunpur news पुलिस मुठभेड़ों की निष्पक्ष जांच की मांग
जौनपुर की पुलिस मुठभेड़ों की निष्पक्ष जांच की मांग
राज्य मानवाधिकार आयोग में शिकायत से हड़कम्प
जौनपुर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने जनपद में हाल के दिनों में हुई विभिन्न पुलिस मुठभेड़ों को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग में संयुक्त शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पवारा, मीरगंज, बरसठी और रामपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस के संयुक्त अभियानों के दौरान हुई कथित मुठभेड़ों का उल्लेख किया गया है।
साथ ही चर्चित आजाद बिन्द दूल्हा हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई को भी शिकायत में शामिल किया गया है।
डॉ. यादव ने आयोग को भेजी शिकायत में कहा है कि प्रत्येक पुलिस मुठभेड़ की वैधानिकता, आवश्यकता और परिस्थितियों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है, क्योंकि संविधान का अनुच्छेद-21 प्रत्येक नागरिक को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है।
शिकायत में आयोग से मांग की गई है कि सभी मामलों का संयुक्त संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों से एफआईआर, मेडिकल रिपोर्ट, केस डायरी, वीडियोग्राफी समेत अन्य अभिलेख तलब किए जाएं। साथ ही यदि किसी मामले में अत्यधिक बल प्रयोग अथवा मानवाधिकार उल्लंघन सामने आए तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
