Jaunpur news डिलीवरी हब में पार्सल से सामान बदलकर लाखों की ठगी, डिलीवरी एजेंट पर केस दर्ज
डिलीवरी हब में पार्सल से सामान बदलकर लाखों की ठगी, डिलीवरी एजेंट पर केस दर्ज
जौनपुर गौराबादशाहपुर
थाना क्षेत्र के एक कूरियर डिलीवरी हब में पार्सलों से कीमती सामान बदलकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर एक डिलीवरी एजेंट के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, चौकियां धाम के पास संचालित डिलीवरी सेंटर में कार्यरत एजेंट पर आरोप है कि उसने ग्राहक के साथ मिलीभगत कर कई पार्सलों में रखे असली इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निकालकर उनकी जगह नकली सामान रख दिया। जांच में पता चला कि आरोपी को अलग-अलग तारीखों में सात पार्सल डिलीवरी के लिए दिए गए थे, जिन्हें उसने डिलीवर न होने का हवाला देकर वापस कर दिया।
कंपनी द्वारा की गई आंतरिक जांच में सभी पार्सलों में असली सामान की जगह नकली सामग्री पाई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पार्सल एक व्यक्ति को सौंप देता था, जो असली सामान निकालकर नकली रख देता था। इसके बदले में उसे पैसे दिए जाते थे।
बताया जा रहा है कि इस पूरी धोखाधड़ी में करीब 2.83 लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
