Jaunpur news छात्रों को मिला एआई और डेटा साइंस का व्यावहारिक ज्ञान
छात्रों को मिला एआई और डेटा साइंस का व्यावहारिक ज्ञान
“एआई मेड ईज़ी” कार्यशाला हुई संपन्न
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आईईईई छात्र शाखा द्वारा आयोजित ‘एआई मेड ईज़ी’ कार्यशाला श्रृंखला के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं डाटा साइंस विषय पर द्वितीय सत्र का आयोजन मंगलवार को किया गया। जिसका उद्देश्य छात्रों को एआई के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास एवं उसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना है।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति की प्रेरणा तथा राजभवन के निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे एआई जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
द्वितीय सत्र में विषय विशेषज्ञ के रूप में अलायंग्ड ऑटोमेशन, पुणे में डेटा साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत पी. राहुल राव ने छात्रों को एआई और डाटा साइंस के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एआई के विविध इंडस्ट्री अनुप्रयोगों, उभरते रोजगार अवसरों तथा प्रोफेशनल करियर के लिए आवश्यक कौशलों पर प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच छात्रों को स्वयं को कैसे तैयार करना चाहिए।
कार्यशाला का संचालन इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल एवं संगणक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आईईईई छात्र शाखा के परामर्शदाता डॉ. दिव्येंदु मिश्र ने कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस श्रृंखला के माध्यम से छात्रों को इंडस्ट्री-रेडी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के संकाय समन्वयक डॉ. दिलीप यादव ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा साइंस के महत्व को विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर आदित्य, वैभव, अनुराग पाल, निहार, इप्शिता, सृजन, शिवांश, सागर, आंचल, अदिति, अर्चना, शिवांगी, विजय मल, अमन, मयंक, विवेक अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन इप्सिता ने किया।
