Jaunpur news सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। जिले के मछलीशहर क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बंधवा-बामी मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की खबर तेजी से फैल गई।
घटना मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के अलापुर गांव के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पल्टूपुर गांव निवासी सौरभ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक को बीती रात एक अन्य युवक अपने साथ रिश्तेदारी का हवाला देकर ले गया था।
पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला सड़क दुर्घटना का है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।
घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
