Jaunpur news ट्यूबवेल पर सो रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत, सिर में गंभीर चोट; पुलिस जांच में जुटी
ट्यूबवेल पर सो रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत, सिर में गंभीर चोट; पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर:
जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के डोबरा गांव में रविवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के सिर में गंभीर चोट के निशान मिलने से घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोबरा गांव निवासी रामशरण मिश्र का पुत्र सच्चिदानंद मिश्र (लगभग 26 वर्ष) घर से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहा था। देर रात अचानक उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि युवक के सिर से तेज़ी से खून बह रहा था और वह गंभीर रूप से घायल पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवक ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस उसे लेकर देर रात जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोट किसी धारदार हथियार से लगी है या गोली लगने से हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। गांव में घटना के बाद से शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
