Jaunpur news जौनपुर अयोध्या मार्ग पर पानी बहने से दुर्घटना बढी
जौनपुर अयोध्या मार्ग पर पानी बहने से दुर्घटना बढी
एडवोकेट ने मुख्यमंत्री से की शिकायत
पुलिस ने पानी बहाने वालों को रोकने का दिया निर्देश
जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत जौनपुर अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुत्तूपुर के पास एक वाहन एजेंसी द्वारा सड़क पर लगातार पानी बहाने से दुर्घटनाएं बढ़ गई थी। जिसको लेकर समाजसेवी ने मुख्यमंत्री से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने सबको सड़क पर पानी न बहाने निर्देश दिया। जिससे एजेंसी में वाहनों की धुलाई बंद हो गई।
जौनपुर अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर कुत्तुपुर के पास स्थित वाहन एजेंसी के सामने महीनो से लगातार वाहनो के धुलाई का पानी बहाया जा रहा था। जिससे बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। सड़के उखड़ गई और आए दिन वाहन दुर्घटना होने लगी। अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा। जिसको गंभीरता से लेते हुए एडवोकेट समाजसेवी अजय कृष्ण यादव बबलू सारंग निवासी जर्रो मल्हनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य को पत्र के माध्यम से शिकायत की। इसके अलावा उन्होंने कई जिम्मेदार विभागों से और आईजीआरएस के माध्यम से जानकारी मांगी, कि किस अधिकार से अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पानी बहाया जा रहा है। जिससे अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है , आए दिन दुर्घटनाएं बढी हैं ,क्यों न सब दुर्घटना पीङितो को मुआवजा दिया जाए। इस मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय ने गंभीरता से लिया और जिला मुख्यालय पर उन्होंने इसके पानी को तत्काल रोकने का निर्देश दिया।जिसके क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने पहुंचकर एजेंसी के द्वारा वाहनों की धुलाई को तत्काल रोकने का निर्देश दिया और कहा कि सड़कों पर पानी न बहाए जाए।
इस बारे में थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने कहा कि सड़क पर पानी वाले बहाने वालों को सख्त हिदायत दी है कि रोड पर कोई पानी न बहाये। अतिक्रमण न करें। अन्यथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है । उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी बहाने अतिक्रमण करने वाले कुत्तुपुर से सिद्धीकपुर तक सभी को रोक लगाने की हिदायत दी गई है।
शिक्षक संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर तीन नामांकन
महिला उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और कार्यालय मंत्री निर्विरोध होना तय
17 मार्च को होगा मतदान, साढे पाच सौ शिक्षक करेंगे वोट
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक संघ के चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। राष्ट्रीय पीजी कॉलेज, जमुहाई में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए। कुल 22 प्रत्याशियों ने अलग-अलग पदों के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया।
अध्यक्ष पद के लिए शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ राहुल सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राजबहादुर यादव ,डा जय प्रकाश सिंह जेपी ने नामांकन किया है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए डॉ. सुजीत पटेल, डॉ. शैलेंद्र मणि त्रिपाठी और डॉ. जितेंद्र कुमार राव ने नामांकन दाखिल किया है। महिला उपाध्यक्ष पद पर डॉ. रेखा त्रिपाठी , कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. सुनील कुमार सिंह और कार्यालय मंत्री पद पर डॉ. श्यामसुंदर उपाध्याय ने नामांकन किया। जिनका निर्विरोध होना तय है। महामंत्री पद के लिए डॉ. यदुवंश कुमार यादव, डॉ. लक्ष्मण सिंह ,डॉ शैलेंद्र सिंह और डॉ. प्रतिमा सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। संयुक्त मंत्री पद के लिए नीरज कुमार, डॉ. अभिषेक तिवारी और डॉ. उज्जवल सिंह ने पर्चा भरा है, महिला संयुक्त मंत्री पद के लिए डॉ. मंजूलिका यादव और प्रिया शुक्ला ने नामांकन किया है।प्रांतीय प्रतिनिधि पद के लिए धर्मवीर सिंह, डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव और डॉ. सेतु बंधु प्रसाद वश्य ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।चुनाव अधिकारी डॉ. मिथिलेश पांडेय रहे। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी और पर्चा वापसी की प्रक्रिया 14 मार्च को होगी। इसके बाद अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।उन्होंने बताया कि शिक्षक संघ का मतदान 17 मार्च को राष्ट्रीय पीजी कॉलेज, जमुहाई में कराया जाएगा। इस चुनाव में कुल 550 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें जौनपुर जिले के 14 तथा गाजीपुर जिले के आठ महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं।
